अमृतपुर/फर्रुखाबाद। डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के बीच आमजन को सुरक्षित रखने के लिए राजेपुर थाना पुलिस ने जागरूकता की मुहिम तेज कर दी है। साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क करने के उद्देश्य से थाना अध्यक्ष नागेंद्र सिंह के निर्देशन में ग्राम महेशपुर में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
जागरूकता अभियान के दौरान उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार, एएसआई सत्येंद्र कुमार एवं महिला कांस्टेबल भावना ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए हथकंडों की विस्तार से जानकारी दी। पुलिस टीम ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठग खुद को बैंक अधिकारी, केवाईसी अपडेट करने वाला कर्मचारी, सरकारी अधिकारी या निवेश सलाहकार बताकर लोगों को धोखे में ले रहे हैं। इसके अलावा फर्जी लॉटरी, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, ऑनलाइन निवेश योजनाओं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।


