फतेहपुर: गैस सिलेंडर में ब्लास्ट के बाद दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे में सात बच्चे दब गए। हादसे में इलाज के दौरान चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है। पुलिस और फायर टीम का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना मलवां थाना क्षेत्र के मलवां कस्बे की है।
अतीक के करीबी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, पीडीए ने गौशाला ढहाई
प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद के करीबी बताए जा रहे जैद खालिद के अवैध निर्माण पर पीडीए की कार्रवाई हुई। मारियाडीह में बिना लेआउट स्वीकृति के बनाए गए अवैध गौशाला निर्माण को टीम ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई का विरोध भी किया गया। पुलिस और पीएसी की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी हुई।
चार पहिया वाहन और बाइक की भिड़ंत में दंपति की मौत, तीन गंभीर घायल
बलरामपुर: चार पहिया वाहन और बाइक की जोरदार भिड़ंत में दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ग्राम पचौथा के निवासी बताए गए हैं। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना थाना उतरौला क्षेत्र के अक्सी बढ़हरा की है।


