– पेपर लीक और बेरोजगारी पर छात्रों से करेंगे सीधी बात
– कोटा से शुरू होगा संवाद कार्यक्रम, प्रयागराज, पटना और दिल्ली में भी छात्रों से मिलेंगे नेता प्रतिपक्ष
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी देशभर के छात्रों और युवाओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सीधे सुनने की तैयारी में हैं। कांग्रेस ने जून और जुलाई में आयोजित होने वाले विशेष संवाद कार्यक्रमों की घोषणा की है, जिसमें राहुल गांधी छात्रों से आमने-सामने बातचीत करेंगे। इस दौरान पेपर लीक, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और शिक्षा से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से चर्चा के केंद्र में रहेंगे।
कांग्रेस का कहना है कि हाल के वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। ऐसे में राहुल गांधी सीधे छात्रों के बीच जाकर उनकी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों को सुनेंगे।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी 17 जून को राजस्थान के कोटा पहुंचेंगे, जहां देशभर से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहते हैं। इसके बाद 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कांग्रेस इस अभियान को युवाओं से जुड़ने और शिक्षा एवं रोजगार के मुद्दों को राष्ट्रीय बहस के केंद्र में लाने की रणनीति के रूप में देख रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि संवाद कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं की वास्तविक समस्याओं को सामने लाया जाएगा और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की जाएगी।


