संसद में महिला आरक्षण को लेकर छिड़ी राजनीतिक बहस के बीच कांग्रेस सांसद Rahul Gandhi मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र Rae Bareli के दौरे पर पहुंच रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हाल ही में भाजपा की महिला इकाई ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए प्रदर्शन किया था, जिसके बाद अब कांग्रेस भी महिला संवाद कार्यक्रम के जरिए राजनीतिक माहौल को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटी दिखाई दे रही है। राहुल गांधी पहली बार सीधे महिलाओं से संवाद करेंगे, जिसे आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी लगातार अपने संसदीय क्षेत्र में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। वह जब भी रायबरेली पहुंचे हैं, किसी न किसी विधानसभा क्षेत्र में जनता से संवाद जरूर किया है। इससे पहले वह ऊंचाहार, सदर और हरचंदपुर क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात कर चुके हैं। इस बार उनका कार्यक्रम खीरों और लालगंज क्षेत्र में रखा गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर करीब 11 बजे खीरों पहुंचेंगे, जहां सरस्वती इंटर कॉलेज के सामने आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद लालगंज में महिलाओं के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उनके आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राहुल गांधी इस संवाद के जरिए महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों, पेट्रोल-डीजल और घरेलू खर्च जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर केंद्र सरकार को घेर सकते हैं। पिछले कुछ समय से राहुल गांधी लगातार आम जनता की आर्थिक परेशानियों को लेकर भाजपा सरकार पर हमलावर रहे हैं। ऐसे में लालगंज का महिला संवाद कार्यक्रम केवल औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि महिलाओं के बीच कांग्रेस की राजनीतिक पकड़ मजबूत करने का प्रयास माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव में महिलाओं का समर्थन कांग्रेस को मिला था और पार्टी अब उसी समर्थन को आगे भी बनाए रखने की रणनीति पर काम करती दिखाई दे रही है।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रही हैं। सोमवार को सुरक्षा अधिकारियों ने खीरों और लालगंज स्थित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। सूत्रों के अनुसार स्थानीय सीएचसी और थाना परिसर का भी जायजा लिया गया। चर्चा यह भी है कि राहुल गांधी खीरों थाना और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर सकते हैं। कांग्रेस संगठन की ओर से भी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम प्रभारी राहुल बाजपेई, कोऑर्डिनेटर सूजा खान गांधी सहित कई स्थानीय नेताओं ने आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक राहुल गांधी के स्वागत की तैयारी कई स्थानों पर की गई है। लालगंज में बृजेंद्र नगर मोहल्ला, बेहटा चौराहा, बाईपास रोड और नगर पंचायत कार्यालय के सामने कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। यूथ कांग्रेस की ओर से गांधी चौराहा पर विशेष स्वागत कार्यक्रम रखा गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी का यह दौरा सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता विशेषकर महिलाओं के बीच सीधे संवाद स्थापित करने का प्रयास है। ऐसे में रायबरेली का यह दौरा आने वाले राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है


