– 28.05 करोड़ की नीलामी के बाद नया मोड़
बरेली। बहेड़ी स्थित बंद पड़ी केसर चीनी मिल की जमीन की नीलामी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। 31 मई को 28.05 करोड़ रुपये में हुई नीलामी के बाद अब जमीन की दोबारा नीलामी का रास्ता साफ हो गया है। एक व्यक्ति द्वारा तहसील में निर्धारित धरोहर राशि जमा कराए जाने के बाद प्रशासन ने उसकी धनराशि स्वीकार कर ली है, जिससे पूरी प्रक्रिया नए चरण में प्रवेश कर गई है।
केसर चीनी मिल की यह जमीन बहेड़ी क्षेत्र के मुड़िया मुकर्रमपुर में हाईवे किनारे स्थित है और लंबे समय से विवादों तथा किसानों के बकाया भुगतान के मुद्दे को लेकर चर्चा में रही है। पिछली नीलामी के दौरान भी किसान संगठनों और किसान नेताओं ने जमीन की कीमत को लेकर सवाल उठाए थे। उनका आरोप था कि इतनी महत्वपूर्ण और व्यावसायिक दृष्टि से मूल्यवान जमीन की नीलामी कम कीमत पर की गई है।
क्षेत्र के किसानों का मिल पर लगभग 147 करोड़ रुपये का बकाया बताया जा रहा है। यही वजह है कि नीलामी प्रक्रिया पर किसानों की पैनी नजर बनी हुई है। किसान नेताओं का कहना है कि जमीन का वास्तविक मूल्य प्राप्त होने पर ही किसानों के बकाया भुगतान की उम्मीद मजबूत होगी।
तहसील प्रशासन का दावा है कि नीलामी से प्राप्त होने वाली राशि के माध्यम से किसानों का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन का यह भी कहना है कि नियमों के तहत पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है।
हालांकि, दोबारा नीलामी की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। किसानों और स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि नई बोली में अधिक कीमत मिलती है तो इससे किसानों के हितों को मजबूती मिलेगी और वर्षों से लंबित भुगतान का रास्ता आसान हो सकता है।


