कासगंज। जनपद में 25 से 27 अप्रैल तक आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जिले में कुल नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 19008 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा प्रत्येक दिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की गई है, वहीं परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रांग रूम और कंट्रोल रूम की व्यवस्था अलग-अलग की जाए और वहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ और होमगार्ड एनरोलमेंट 2025 के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों की विशेष निगरानी की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और सभी निर्धारित नियमों का पालन करें।
इस भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में युवा इस अवसर को अपने भविष्य के लिए महत्वपूर्ण मानते हुए पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं। प्रशासन की सख्ती और व्यवस्थाओं को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न होगी।


