फतेहपुर
आगामी होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 25, 26 और 27 अप्रैल को होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधा, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें और परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने भीषण गर्मी को देखते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर ठंडे पेयजल की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की भीड़ या अनावश्यक जमावड़ा नहीं होने दिया जाएगा, ताकि परीक्षा के दौरान शांति और व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर एसडीएम और डीएसपी स्तर के अधिकारी लगातार निगरानी करेंगे, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट भी अलग से तैनात किए जाएंगे ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी अवनीश त्रिपाठी और अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह भी मौजूद रहे। प्रशासन का दावा है कि इस बार परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और व्यवस्थित माहौल में कराई जाएगी।


