अयोध्या। राम मंदिर में कथित राम धन गबन मामले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस बीच बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा ने बड़ा बयान देते हुए चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई और उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
कालिका प्रसाद मिश्रा ने कहा कि मामले में लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि शिकायत के बावजूद पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती है तो इसे न्यायिक प्रक्रिया की अनदेखी माना जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो बार एसोसिएशन आंदोलन का रास्ता अपनाएगी। उनका कहना है कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी भी मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।
फिलहाल संबंधित एजेंसियों की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर तेज है, जबकि पुलिस और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।


