बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर (Bijnor) जिले में मस्जिद के लाउडस्पीकर की तेज आवाज को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की है। नजीबाबाद कोतवाली में समाधान दिवस के दौरान डीएम उमेश प्रताप सिंह और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। इसी दौरान नजीबुद्दौला (Najib-ud-Daulah) स्थित मस्जिद से तेज आवाज में आजान की आवाज आई। इसके बाद अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजकर लाउडस्पीकर उतरवा दिया। पुलिस ने मस्जिद के मुअज्जिन फैजान को गिरफ्तार किया है। वहीं, लापरवाही के आरोप में एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को नजीबाबाद कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में डीएम उमेश प्रताप सिंह और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान पास स्थित मस्जिद से लाउडस्पीकर की तेज आवाज आने लगी। अधिकारियों ने इस पर नाराजगी जताई और तत्काल पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर लाउडस्पीकर उतरवा दिया।
दरोगा सौरभ सिंह की तहरीर के मुताबिक, मस्जिद के लाउडस्पीकर से निर्धारित मानकों से अधिक आवाज आ रही थी, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही थी। पुलिस ने इसे सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों की अवहेलना से जुड़ा मामला बताते हुए मुअज्जिन फैजान को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में एसपी ने सिपाही ललित कुमार को भी लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने स्थानीय पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर का इस्तेमाल निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित कराया जाए। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, लाउडस्पीकर की आवाज से अधिकारी नाराज हुए थे, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई। हालांकि, पुलिस की ओर से कार्रवाई का आधार निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन बताया गया है।


