– नागेंद्र सिंह को मिली मेरापुर की कमान
– पति-पत्नी दोनों थानेदार
फर्रुखाबाद। चर्चित जहानगंज थाना प्रभारी पूनम अवस्थी के पति राजीव पांडे का थाना बदल दिया गया है। मेरापुर थानाध्यक्ष रहे राजीव पांडे को अब राजेपुर थाने की कमान सौंपी गई है, जबकि राजेपुर थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह को मेरापुर भेजा गया है। तबादले के साथ ही एक बार फिर यह चर्चा तेज हो गई है कि जनपद में पति-पत्नी दोनों अलग-अलग थानों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
पूनम अवस्थी इस समय आशुतोष गुप्ता हत्याकांड से जुड़े विवाद को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। करीब नौ माह पूर्व हुए इस हत्याकांड का खुलासा न होने से पीड़ित परिवार लंबे समय से न्याय की मांग कर रहा है। हाल में मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश के दौरान पुलिस द्वारा परिवार को रोकने का मामला सामने आया। वायरल वीडियो में थाना प्रभारी पर दिवंगत की मां के साथ अभद्रता और बाल पकड़कर जमीन पर पटकने के वीडियो वायरल हुए।
मामला सामने आने के बाद पीड़ित परिवार ने डीआईजी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तक अपनी फरियाद पहुंचाई। परिवार लगातार कार्रवाई की मांग करता रहा। वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों के बावजूद तत्काल थाना प्रभारी पर बड़ी कार्रवाई न होने को लेकर पुलिस महकमे की कार्यशैली पर भी सवाल उठते रहे हैं।
इसी बीच पूनम अवस्थी के पति राजीव पांडे का मेरापुर से राजेपुर तबादला और राजेपुर थाना अध्यक्ष नागेंद्र सिंह का मेरापुर स्थानांतरण चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि तबादले पुलिस विभाग की सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं, लेकिन मौजूदा घटनाक्रम के बीच हुए इस फेरबदल पर लोगों की नजर टिक गई है।
एक तरफ पति राजीव पांडे को नया थाना मिल गया, दूसरी तरफ पत्नी पूनम अवस्थी आशुतोष प्रकरण मे सवालों मे घिरी हैं।और गौरतलब होगा कि हालिया इन दो तबादलों के बाद पुलिस की कार्यशैली में क्या नया बदलाव आता है और आशुतोष हत्याकांड में पीड़ित परिवार को न्याय कब और कैसे मिलता है।


