42 C
Lucknow
Saturday, April 25, 2026

तहसीलदार की अध्यक्षता में थाना दिवस सम्पन्न, अवैध निर्माण पर तत्काल कार्रवाई, फरियादियों को मिला भरोसा

Must read

 

अमृतपुर, फर्रुखाबाद

जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से अमृतपुर थाना परिसर में तहसीलदार शशांक सिंह की अध्यक्षता में थाना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी-अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जहां उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के सख्त निर्देश दिए गए।
थाना दिवस के दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त उपस्थिति रही, जिससे राजस्व एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों का मौके पर ही समाधान संभव हो सका। इस दौरान कानूनगो लाल बहादुर, दिनेश चंद्र शर्मा तथा लेखपाल विमल, सावन, गौरव और सुबोध सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कुल तीन प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से एक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए। प्राप्त शिकायतों में महात्मा राधामोहन, निवासी बड़ागांव परतापुर द्वारा सरकारी भूमि पर न्यायालय के यथास्थिति आदेश के बावजूद अवैध निर्माण किए जाने का गंभीर मामला सामने आया। इस पर तहसीलदार शशांक सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाया तथा अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त मुरारी ब्रजनाथ तिवारी द्वारा कस्बा अमृतपुर में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं ज्वाला प्रसाद, निवासी डांडीपुर ने भूमि पर जबरन कब्जे को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया, जिस पर राजस्व टीम को मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
थाना दिवस के दौरान तहसीलदार शशांक सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी लंबित मामलों की समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने की बात कही। थाना दिवस के आयोजन से क्षेत्रीय लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ और फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article