नई दिल्ली: सतत वित्तपोषण और पर्यावरण के प्रति कर्तव्यनिष्ठ बैंकिंग की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए, भारत के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, पंजाब नैशनल बैंक ने अपनी पीएनबी हरित निवास ग्रीन होम लोन योजना को सशक्त बनाया है। इस पहल का उद्देश्य स्थायी आवास को बढ़ावा देना और घर खरीदारों व मकान मालिकों को अधिक हरित और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार जीवन शैली को आत्मसात करने हेतु प्रोत्साहित करना है।
पीएनबी हरित निवास’ को ग्राहकों के एक विस्तृत वर्ग की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तैयार किया गया है, जिसमें वेतनभोगी व्यक्ति, पेशेवर, स्वरोजगार व्यक्ति, पेंशनभोगी, व्यवसायी और किसान शामिल हैं। यह योजना पहले से तैयार ग्रीन होम, स्वीकृत परियोजनाओं में निर्माणाधीन संपत्तियों, अपने भूखंडों पर स्व-निर्माण के साथ-साथ मौजूदा घरों को ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप अनुकूलित करने के लिए उनके नवीकरण और आधुनिकीकरण को कवर करती है।
पीएनबी हरित निवास के माध्यम से बैंक मान्यता प्राप्त ग्रीन बिल्डिंग फ्रेमवर्क के तहत प्रमाणित आवासीय संपत्तियों के लिए वित्तीय लाभ प्रदान करता है। इसके माध्यम से बैंक उन ग्राहकों की सहायता करता है जो पर्यावरण के अनुकूलऔर स्थायी घर खरीदना, बनाना या उन्हें अपग्रेड करना चाहते हैं।
पीएनबी हरित निवास’ योजना के अंतर्गत ग्राहकों को कई विशेष लाभ दिए जा रहे हैं, जिनमें शामिल हैं:
नियमित होम लोन योजनाओं के मुकाबले लागू ब्याज दर पर 0.10% की अतिरिक्त छूट
ऋण प्रक्रिया के लिए कोई प्रसंस्करण शुल्क नहीं
दस्तावेजीकरण के लिए कोई शुल्क नहीं
ग्रीन होम की खरीद, निर्माण, आधुनिकीकरण और अधिग्रहण हेतु ऋण सुविधा
पुनर्भुगतान पात्रता में 5% तक की अतिरिक्त बढ़ोतरी
आईजीबीसी, गृह और लीड जैसी प्रतिष्ठित एजेंसियों द्वारा प्रमाणित संपत्तियों के लिए पात्रता
ऊर्जा-कुशल आवास समाधानों से होने वाली वित्तीय बचत को ध्यान में रखते हुए बेहतर पुनर्भुगतान पात्रता
यह योजना नियमित आय स्रोत वाले वेतनभोगी व्यक्तियों, पेंशनभोगियों, पेशेवरों, स्वरोजगार करने वाले लोगों, व्यवसायियों और नियमित आय वाले किसानों के लिए उपलब्ध है, जिससे विभिन्न ग्राहक वर्गों के लिए स्थायी आवास वित्तपोषण तक पहुंच आसान हो जाती है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर अपने व्याख्यान में, पीएनबी के रिटेल आस्ति व्यवसाय प्रभाग के महाप्रबंधक श्री सुबोध कुमार ने कहा “पंजाब नैशनल बैंक में, स्थिरता हमारी विकास रणनीति का एक अभिन्न हिस्सा है। ‘पीएनबी हरित निवास’ के माध्यम से, हम देश भर के ग्राहकों के लिए पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार आवास को अधिक किफायती और सुलभ बना रहे हैं।
यह योजना न केवल आकर्षक वित्तीय लाभ प्रदान करती है बल्कि ऊर्जा-कुशल घरों को अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित करती है, जो कार्बन फुटप्रिंट को कम करने और घरेलू ऊर्जा लागत को घटाने में योगदान देते हैं। जैसे-जैसे भारत एक दीर्घकालिक भविष्य की ओर बढ़ रहा है, पीएनबी इनोवेटिव और जलवायु-अनुकूल वित्तीय समाधानों के माध्यम से जिम्मेदार विकास को सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।


