31 C
Lucknow
Friday, May 1, 2026

जीआईसी के बाहर गंदगी का अंबार, कूड़ेदान न होने से बढ़ा संक्रमण का खतरा

Must read

फर्रुखाबाद। शहर में स्वच्छता को लेकर भले ही बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हों, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। खासकर शिक्षण संस्थानों के आसपास फैली गंदगी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
नगर के प्रमुख शिक्षण संस्थान राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) फर्रुखाबाद के दोनों मुख्य द्वारों के पास लंबे समय से कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। विद्यालय के सामने और आसपास कूड़ा फेंके जाने से यहां लगातार गंदगी का माहौल बना रहता है, जिससे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कूड़ेदान की व्यवस्था न होने के कारण लोग मजबूरी में सड़क किनारे ही कूड़ा डालने को विवश हैं, जिससे हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं।
गर्मी का मौसम शुरू होते ही समस्या और गंभीर हो गई है। कूड़े के ढेर से उठने वाली दुर्गंध के साथ-साथ संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। गंदगी के चलते मक्खी-मच्छरों की संख्या में इजाफा हो रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। विद्यालय के आसपास ऐसी स्थिति छात्रों के स्वास्थ्य के लिए बेहद चिंताजनक है।
नागरिकों ने नगर पालिका से मांग की है कि जीआईसी के दोनों गेटों के पास तत्काल कूड़ेदान लगाए जाएं और नियमित रूप से कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article