क्रासर
एनआरसी वार्ड की व्यवस्थाओं को सराहा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के कार्यों की प्रशंसा
फर्रुखाबाद। ट्रामा सेंटर के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय की तीसरी मंजिल पर स्थित एनआरसी (न्यूट्रिशनल रिहैबिलिटेशन सेंटर) वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती कुपोषित बच्चों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, खानपान और देखभाल के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने परिजनों से पूछा कि अस्पताल की ओर से मिलने वाली सुविधाएं संतोषजनक हैं या नहीं। साथ ही उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी प्रकार की दवा बाहर से न लिखी जाए और सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं।
डीएम ने विशेष रूप से बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार (डाइट) की गुणवत्ता और नियमितता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों के उपचार में पोषण सबसे अहम भूमिका निभाता है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान एनआरसी वार्ड के प्रभारी डॉ. विवेक सक्सेना द्वारा कुपोषित बच्चों की माताओं को साड़ी तथा भर्ती बच्चों के लिए बेबी केयर किट (बेबी जॉनसन किट), फल और बिस्कुट का वितरण किया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से यह सामग्री परिजनों को वितरित की, जिससे वहां मौजूद लोगों में उत्साह देखा गया।
जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि आने वाले सभी मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने साफ कहा कि मरीजों की सुविधा और संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एनआरसी वार्ड का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। वहीं, डॉ. विवेक सक्सेना और उनकी टीम ने जिलाधिकारी का स्वागत भी किया।
डीएम ने एनआरसी वार्ड का किया निरीक्षण, कुपोषित बच्चों की सुविधाओं का लिया जायजा


