34.5 C
Lucknow
Wednesday, July 15, 2026

झूठे वादे पर आधारित शारीरिक संबंधों को हमेशा दुष्कर्म नहीं मान सकते : इलाहाबाद हाईकोर्ट

Must read

 

प्रयागराज

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शादी का झूठा वादा कर बनाए गए शारीरिक संबंधों से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा है कि हर टूटे रिश्ते या शादी से इन्कार को दुष्कर्म नहीं माना जा सकता। अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि संबंध आपसी सहमति से बने हों, तो केवल बाद में रिश्ता टूट जाने या विवाह न होने के आधार पर दुष्कर्म का मामला नहीं बनता। हाईकोर्ट की इस टिप्पणी को ऐसे मामलों में एक महत्वपूर्ण कानूनी दृष्टांत माना जा रहा है।

न्यायमूर्ति मदन पाल सिंह की एकल पीठ मुरादाबाद के एक मामले की सुनवाई कर रही थी। पीड़िता ने कपिल सोम और एक अन्य व्यक्ति पर शादी का झूठा वादा कर शारीरिक संबंध बनाने, शोषण करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले में ट्रायल कोर्ट द्वारा जारी समन आदेश और पूरी आपराधिक कार्यवाही को चुनौती देते हुए आरोपी पक्ष ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी।

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति को तभी दोषी ठहराया जा सकता है, जब यह साबित हो कि शुरुआत से ही उसकी शादी करने की कोई मंशा नहीं थी और उसने केवल धोखाधड़ी कर शारीरिक संबंध बनाने के उद्देश्य से झूठा वादा किया था। अदालत ने माना कि लंबे समय तक चले सहमति आधारित संबंधों को हर हाल में दुष्कर्म की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता।

हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही और समन आदेश को निरस्त करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में तथ्यों और परिस्थितियों की गंभीरता से जांच जरूरी है। अदालत की टिप्पणी के बाद कानूनी विशेषज्ञों के बीच इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि यह निर्णय भविष्य में प्रेम संबंधों और सहमति आधारित मामलों से जुड़े मुकदमों में अहम भूमिका निभा सकता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article