अमृतपुर /शमशाबाद
अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरौर निवासी करीब 53 वर्षीय राजेश परमार पुत्र सूरजपाल के शमशाबाद थाना क्षेत्र के ढाईघाट के पास गंगा के बाढ़ के पानी में डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से लापता व्यक्ति की तलाश शुरू कराई गई। देर तक तलाश जारी रही, लेकिन राजेश का कोई पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार राजेश परमार गुरुवार शाम गांव के ही बड़े चौहान और राजू सोमवंशी के साथ दो बाइकों से एक रिश्तेदार को शमशाबाद छोड़ने गए थे। रिश्तेदार को शमशाबाद छोड़ने के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस कुम्हरौर लौट रहे थे। इसी दौरान ढाईघाट के आसपास राजेश के गंगा के बाढ़ के पानी में डूबने की सूचना सामने आई।
घटना की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो सकी हैं। पुलिस ने राजेश के साथ मौजूद दोनों साथियों से पूछताछ की है। वहीं, ढाईघाट पर मौजूद एक बाबा द्वारा राजेश को टापू पर खड़े देखने की बात पुलिस को बताए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इसके बाद पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर मामले की जांच करते हुए उसकी तलाश में जुटी है।
शमशाबाद थाना प्रभारी सचिन चौधरी ने बताया कि व्यक्ति के डूबने की सूचना गुरुवार शाम प्राप्त हुई थी। सूचना के बाद से पुलिस की निगरानी में उसकी तलाश कराई जा रही है। साथ गए लोगों से पूछताछ की गई है और घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है
राजेश परमार के परिवार में एक करीब 19 वर्षीय बेटा और सात विवाहित बेटियां हैं। घटना की सूचना के बाद से परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल है। फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोग गंगा के बाढ़ के पानी में राजेश की तलाश में जुटे हुए हैं।


