अगले युद्ध के लिए तीनों सेनाएं 24 घंटे तैयार : आर्मी चीफ
नई दिल्ली। भारत की सैन्य तैयारियों को लेकर सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना संभावित “ऑपरेशन सिंदूर 2.0” के लिए पूरी तरह तैयार हैं और तीनों सेनाएं भविष्य की किसी भी चुनौती से निपटने के लिए संयुक्त रूप से युद्धक क्षमता को मजबूत कर रही हैं। सेना प्रमुख ने स्पष्ट किया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर की रणनीतिक सोच अभी भी बरकरार है और मौजूदा स्थिति को केवल दुश्मनी में अस्थायी विराम माना जाना चाहिए।
शनिवार को समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में जनरल द्विवेदी ने कहा कि यदि परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं तो भारत की तीनों सेनाएं समन्वित कार्रवाई के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सेना का प्रमुख फोकस संयुक्त सैन्य संचालन, आधुनिक युद्ध तकनीकों और आपसी तालमेल को और अधिक मजबूत करना है।
सेना प्रमुख ने आधुनिक युद्ध की बदलती प्रकृति का उल्लेख करते हुए कहा कि आज युद्ध का मैदान पूरी तरह पारदर्शी हो चुका है, जहां हर गतिविधि पर विरोधी की नजर रहती है। ऐसे में सैन्य तैनाती, हथियारों के उपयोग और सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अत्यधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
उन्होंने सूचना युद्ध (इन्फॉर्मेशन वॉरफेयर) को भी आधुनिक संघर्ष का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता और अपने संस्थानों पर विश्वास होता है। जब पूरा देश एक साझा राष्ट्रीय उद्देश्य के साथ खड़ा होता है, तब जीत की संभावनाएं कई गुना बढ़ जाती हैं।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने 7 और 8 मई 2025 की रात पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के रूप में “ऑपरेशन सिंदूर” शुरू किया था। सेना प्रमुख का ताजा बयान भारत की सैन्य रणनीति और सुरक्षा नीति को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है तथा इसे पाकिस्तान और आतंकवाद को स्पष्ट चेतावनी के रूप में भी देखा जा रहा है।


