लखनऊ। गोल्फ क्लब के पूर्व सचिव देवेश रस्तोगी के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं के मामले में सेशन कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्लू ) जारी किया है। करीब 14 वर्ष पुराने इस मामले में न्यायालय की कार्रवाई के बाद प्रकरण एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार देवेश रस्तोगी पर वर्ष 2012 में गोल्फ क्लब के सचिव पद पर रहते हुए वित्तीय गड़बड़ियों और बजट के दुरुपयोग के आरोप लगे थे। जांच के दौरान क्लब के वित्तीय अभिलेखों में कई अनियमितताएं सामने आने का दावा किया गया था।
मामले की जांच में करीब दो करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताओं का मामला प्रकाश में आया था। आरोप है कि बाद में लगभग 1.50 करोड़ रुपये की रिकवरी तो हो गई, लेकिन करीब 77 लाख रुपये का पूरा हिसाब नहीं मिल सका।
लंबे समय से लंबित चल रहे इस मामले में अब सेशन कोर्ट ने देवेश रस्तोगी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है। न्यायालय के आदेश के बाद संबंधित एजेंसियां आगे की कार्रवाई में जुट गई हैं।
गोल्फ क्लब से जुड़े इस बहुचर्चित मामले में न्यायिक कार्रवाई तेज होने के बाद एक बार फिर वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले की अगली सुनवाई और कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजर बनी हुई है।


