पटना। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को राज्य की जनता के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया। अपने संबोधन में उन्होंने बीते दो दशकों में बिहार में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से जनता ने उन्हें लगातार सेवा का अवसर दिया है और सरकार ने विकास तथा सामाजिक सौहार्द को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा जब हमने शासन संभाला था, तब ‘बिहारी’ कहलाना एक अपमान माना जाता था। लेकिन हमने ईमानदारी और पूरी मेहनत से काम किया। आज ‘बिहारी’ कहलाना गर्व की बात है।”उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हर वर्ग के लिए समान रूप से काम किया है चाहे हिंदू हों या मुस्लिम, सवर्ण, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित या महादलित,सभी के विकास के लिए योजनाएं बनीं और उन पर ईमानदारी से काम हुआ है। मैंने अपने परिवार के लिए कुछ नहीं किया, केवल जनता की सेवा की है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को बिहार के विकास की कुंजी बताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य, दोनों जगह एनडीए की सरकार होने से विकास की रफ्तार और तेज हुई है। उन्होंने दावा किया कि आज बिहार में न केवल विकास की गति बढ़ी है, बल्कि कानून-व्यवस्था भी पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री का यह वीडियो संदेश शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जारी किया गया, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। विश्लेषकों का कहना है कि यह संदेश आगामी चुनाव से पहले जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।






