36.9 C
Lucknow
Sunday, July 5, 2026

यूपी भाजपा में गुटबाजी पर नितिन नबीन की दो टूक

Must read

– बोले- चुनाव में एक-दूसरे को हराने की नहीं, कमल जिताने की सोच रखें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक एकजुटता को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बड़ा संदेश दिया है। राजधानी लखनऊ के ताज होटल में सांसदों और विधायकों की बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्टी के भीतर गुटबाजी संगठन को कमजोर करती है और चुनाव के समय कुछ कार्यकर्ता अपने ही साथियों को हराने में लग जाते हैं। ऐसी प्रवृत्ति भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक संस्कृति के अनुकूल नहीं है।
बैठक में नितिन नबीन ने अपने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश के कई चुनावों में प्रभारी की भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने करीब से देखा है कि चुनाव के दौरान एक गुट दूसरे गुट को कमजोर करने में अपनी ऊर्जा खर्च करता है। इसका नुकसान अंततः पार्टी को उठाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासित संगठन और विचारधारा है। यदि कार्यकर्ता व्यक्तिगत मतभेद, गुटबाजी और स्थानीय विवादों से ऊपर उठकर कार्य करेंगे तो पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने दोहराया कि पार्टी जिस भी उम्मीदवार को टिकट दे, उसके समर्थन में सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनाव लड़ना चाहिए।
नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा व्यक्ति आधारित नहीं बल्कि विचार आधारित राजनीतिक दल है। इसलिए व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से अधिक संगठन का हित सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि चुनाव में किसी व्यक्ति विशेष को नहीं बल्कि “कमल” के चुनाव चिह्न को जिताने का संकल्प लेकर मैदान में उतरें।
बैठक में मौजूद सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ पदाधिकारियों से उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आपसी संवाद बढ़ाने और समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है और इसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article