42 C
Lucknow
Saturday, April 25, 2026
Home Blog Page 75

पुरानी रंजिश में फायरिंग व मारपीट, कई घायल – हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

0

अमृतपुर/ फर्रुखाबाद

थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम रामपुर जोगराजपुर में पुरानी रंजिश के चलते रविवार रात विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी-डंडों के साथ फायरिंग कर दी। घटना में पीड़ित बाल-बाल बच गया, जबकि मारपीट में उसके परिजन घायल हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, जानबूझकर चोट पहुंचाने, मारपीट, आपराधिक कृत्य में सहभागिता तथा अवैध रूप से हथियार के उपयोग जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर के अनुसार, पीड़ित अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही धर्मपाल, प्रेमचंद, रामचंद्र (पुत्रगण इन्द्रजीत) व विश्राम (पुत्र श्रीराम) एक राय होकर लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने हमला बोल दिया।
आरोप है कि धर्मपाल के हाथ में लाइसेंसी रायफल थी, जिससे उसने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली पीड़ित के कान के पास से गुजर गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित और उसके परिजनों के साथ जमकर मारपीट की।
इस घटना में पीड़ित की पुत्री शिवानी, पुत्र शिवम तथा भाई सुशील सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब कहीं जाकर आरोपी फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और आरोपियों की तलाश कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

आज का राशिफल

0

युवाओं, नौकरीपेशा, छात्रों और व्यापारियों के लिए आज का दिन कई मायनों में निर्णायक साबित हो सकता है। ग्रहों की चाल जहां कुछ राशियों के लिए तरक्की के द्वार खोल रही है, वहीं कुछ को सतर्क रहने की सख्त जरूरत है। पढ़िए आज का विस्तृत राशिफल—
♈ मेष राशि
आज का दिन ऊर्जा से भरपूर रहेगा, लेकिन जल्दबाजी नुकसान करा सकती है। करियर में नए मौके मिलेंगे, पर निर्णय सोच-समझकर लें। छात्र वर्ग के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के संकेत हैं। प्रेम संबंधों में तनाव संभव है।
♉ वृषभ राशि
आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। लंबे समय से अटका पैसा वापस मिलने के संकेत हैं। परिवार में सुखद माहौल रहेगा। नौकरी में प्रमोशन या नई जिम्मेदारी मिल सकती है। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।
♊ मिथुन राशि
आज का दिन चुनौतीपूर्ण रह सकता है। कार्यस्थल पर विरोधियों से सावधान रहें। किसी भी विवाद में पड़ने से बचें। छात्रों को अधिक मेहनत करनी पड़ेगी। मानसिक तनाव बढ़ सकता है।
♋ कर्क राशि
भाग्य का साथ मिलेगा। निवेश के लिए समय अनुकूल है। व्यापारियों को बड़ा लाभ हो सकता है। परिवार में कोई शुभ कार्य होने के संकेत हैं। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।
♌ सिंह राशि
आज आपको सावधानी बरतने की जरूरत है। खर्च बढ़ सकते हैं। किसी करीबी से विवाद हो सकता है। नौकरी में दबाव रहेगा। यात्रा टालना बेहतर रहेगा।
♍ कन्या राशि
आज का दिन आपके लिए लाभकारी रहेगा। रुके हुए कार्य पूरे होंगे। नौकरी में सराहना मिलेगी। छात्रों को सफलता मिलेगी। प्रेम संबंध मजबूत होंगे।
♎ तुला राशि
करियर में उन्नति के योग हैं। नए अवसर मिलेंगे। आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। परिवार का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य थोड़ा कमजोर रह सकता है, ध्यान रखें।
♏ वृश्चिक राशि
आज का दिन मिश्रित परिणाम देने वाला है। व्यापार में लाभ होगा, लेकिन खर्च भी बढ़ेंगे। किसी पुराने विवाद का समाधान हो सकता है। छात्रों के लिए दिन सामान्य रहेगा।
♐ धनु राशि
भाग्य आपका साथ देगा। नई योजनाओं पर काम शुरू कर सकते हैं। नौकरी में तरक्की के संकेत हैं। परिवार में खुशहाली रहेगी। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।
♑ मकर राशि
आज सतर्क रहने की जरूरत है। आर्थिक मामलों में सोच-समझकर निर्णय लें। कार्यस्थल पर तनाव हो सकता है। परिवार में मतभेद संभव हैं।
♒ कुंभ राशि
आज का दिन शुभ रहेगा। व्यापार में लाभ होगा। नौकरी में सफलता मिलेगी। छात्रों के लिए दिन अच्छा है। प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी।
♓ मीन राशि
आज आपको मेहनत का पूरा फल मिलेगा। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। परिवार में सुख-शांति रहेगी। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।
(यूथ इंडिया अलर्ट):
आज कई राशियों के लिए अवसरों की बाढ़ है, लेकिन लापरवाही भारी पड़ सकती है। युवाओं को खासतौर पर करियर और निवेश से जुड़े फैसलों में सतर्क रहने की जरूरत है।

JEE Main 2026 रिजल्ट जारी, 26 छात्रों को 100 परसेंटाइल; आरुष सिंघल को AIR 1

0

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए (NTA) ने JEE Main 2026 सेशन 2 रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में शामिल हुए कैंडिडेट्स जेईई मेन की आधिकारिक वेबसाइट jeemain।nta।nic।in पर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इसके अलावा रिजल्ट एनटीए की वेबसाइट nta।ac।in पर भी उपलब्ध है। इसके साथ ही NTA ने जेईई मेन सेशन 1 और सेशन 2 को मिलाकर स्कोर और परसेंटाइल भी जारी किया है। इस साल Session 2 में करीब 11।23 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जो इस परीक्षा की लोकप्रियता और प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है। बात करें रिजल्ट की तो पेपर 1 (BE/BTech) के लिए लगभग 11।06 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जिसमें से करीब 93% छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया। यह आंकड़ा बताता है कि JEE Main अब भी देश की सबसे प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में से एक बना हुआ है।

जेईई मेन सेशन 2 रिजल्ट जारी होने के बाद अब संयुक्त सीट आवंटन प्राधिकरण (JoSAA) की काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। यह काउंसलिंग छह चरणों में आयोजित की जाएगी और इसके माध्यम से देशभर में मौजूद एनआईटी, आईआईईएसटी, आईआईआईटी, जीएफटीटीआई और अन्य इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश दिया जाएगा। अगर JoSAA काउंसलिंग के बाद भी सीटें खाली रह जाती हैं, तो केंद्रीय सीट आवंटन बोर्ड (सीएसएबी) अतिरिक्त चरण आयोजित करता है, जिसका पूरा शेड्यूल आधिकारिक वेबसाइट josaa.admissions.nic.in पर उपलब्ध होगा।

जो छात्र इस परीक्षा में क्वालिफाई कर चुके हैं, वे अब JEE Advanced 2026 के लिए पात्र होंगे। यह परीक्षा 17 मई 2026 को आयोजित की जाएगी, जो भारत के प्रतिष्ठित आईआईटी में प्रवेश का मुख्य द्वार मानी जाती है। बता दें कि, JEE Main का कट-ऑफ परसेंटाइल बेहद महत्वपूर्ण होता है। यही तय करता है कि कौन सा छात्र JEE Advanced के लिए योग्य होगा और आगे JoSAA Counselling में भाग ले सकेगा। कट-ऑफ हर साल छात्रों की संख्या, पेपर की कठिनाई और प्रदर्शन के आधार पर बदलता है।

NTA द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, छात्रों के स्कोर की गणना दो चरणों में होती है। सबसे पहले Raw Score निकाला जाता है, हर सही उत्तर के लिए +4 अंक और हर गलत उत्तर के लिए -1 अंक होते हैं। इसके बाद, चूंकि परीक्षा कई शिफ्ट्स में होती है, इसलिए इन Raw Scores को नॉर्मलाइज किया जाता है। यही नॉर्मलाइज्ड स्कोर आगे चलकर NTA Score (Percentile) में बदलता है।

JEE Main 2026 रिजल्ट में कुल 26 कैंडिडेटस 100 परसेंटाइल हासिल करने में सफल रहे हैं। इसमें 24 जनरल कैटेगरी से हैं तो वहीं एक EWS और एक कैंडिडेट ओबीसी NCL कैटेगरी से है।

  1. आरूष सिंघल-चंडीगढ़
  2. जोनाला रोशन मणिदीप रेड्डी-आंध्र प्रदेश
  3. श्रेयस मिश्रा-दिल्ली
  4. मान्ता शिव कामेश-तेलंगाना
  5. सिद्धार्थ श्रीकांत अठाले-महाराष्ट्र
  6. नरेंद्रबाबू गारी माहित- आंध्र प्रदेश
  7. तुंका दुर्गा सुप्रभात-आंध्र प्रदेश
  8. अर्नव गांधी-हरियाणा
  9. शुभम कुमार-बिहार
  10. आदित्य गुप्ता-दिल्ली
  11. तम्मिना गिरीश- तमिल नाडु
  12. कबीर छिल्लर -राजस्थान
  13. चिरंजीव कर-राजस्थान
  14. भावेश पात्रा -ओडिशा
  15. अनय जैन-हरियाणा
  16. अथर्व पंजाबी-दिल्ली
  17. अर्नव गौतम-राजस्थान
  18. डोरानला भावितेश रेड्डी-तेलंगाना
  19. पासाला मोहित-आंध्र प्रदेश
  20. माधव विरादिया-महाराष्ट्र
  21. पुरोहित निमय-गुजरात
  22. साई रित्विक रेड्डी वेंकटरेड्डी वल्ला- तेलंगाना
  23. विवान शरद महाश्वरी-तेलंगाना
  24. बिज्जम वेंकट चंद्र शेकर रेड्डी-आंध्र प्रदेश
  25. वाई अश्वर्धन-राजस्थान
  26. ऋषि प्रेमनाथ-तेलंगाना

जेईई मेन सेशन 2 रिजल्ट 2026 कैसे और कहां चेक करें

स्टेप 1 – नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाएं।

स्टेप 2- ‘JEE Main Session 2 Result 2026’ के लिंक पर क्लिक करें।

स्टेप 3- एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड/जन्म तिथि दर्ज करें। डिटेल्स सब्मिट करें।

स्टेप 4- जेईई मेन सेशन – 2 का स्कोर कार्ड आपकी स्क्रीन पर दिखाई देगा।

स्टेप 5 – इसे डाउनलोड करें और भविष्य में उपयोग के लिए इसका प्रिंटआउट ले लें।

बस हादसा: खाई में गिरी बस से 21 की मौत, 60 से अधिक घायल, पीएम मोदी ने किया 2 लाख रुपये मुआवजे का एलान

0

उधमपुर/नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। रामनगर-उधमपुर मार्ग पर कघोट गांव के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर करीब 70 से 80 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 9:40 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार बस मोड़ पर चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें सरकारी कर्मचारी, शिक्षक और छात्र भी शामिल थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस के जरिए जीएमसी उधमपुर पहुंचाया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घायलों ने भी बताया कि बस में कई यात्री खड़े थे, जिससे संतुलन बिगड़ने पर हादसा और गंभीर हो गया। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है। वहीं, केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी दुख जताते हुए गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज मुहैया कराने की बात कही है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन को प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

बंगाल चुनाव में उबाल: फ्लाइट देरी पर भड़कीं ममता बनर्जी

0

 

अधिकारियों को दी नसीहत—भाजपा के लोग चले जाएंगे, आपको यहीं रहना है

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को केंद्रीय एजेंसियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए चुनावी माहौल में अपनी यात्रा में बाधा डालने का दावा किया। कोलकाता के बेलेघाटा में आयोजित एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी फ्लाइट को रनवे पर करीब आधे घंटे तक रोककर रखा गया, जिससे उनके कार्यक्रम प्रभावित हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक महीने से उन्हें रेलवे और विमानन विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जानबूझकर उनकी आवाजाही में अड़चनें पैदा की जा रही हैं। ममता बनर्जी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे मुख्यमंत्रियों को यात्रा के दौरान प्राथमिकता मिलनी चाहिए, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं हो रहा है।
अपने आरोपों को मजबूत करने के लिए उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का उदाहरण भी दिया। ममता ने दावा किया कि झाड़ग्राम में हेमंत सोरेन के हेलीकॉप्टर को भी करीब 40 मिनट तक रोका गया था। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करार देते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं निष्पक्ष चुनाव पर सवाल खड़े करती हैं।
मुख्यमंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में विमानन विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को भूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल आते-जाते रहते हैं, लेकिन अधिकारियों को जनता और राज्य के साथ ही रहना होता है, इसलिए उन्हें निष्पक्षता के साथ काम करना चाहिए।
गौरतलब है कि ममता बनर्जी ने सोमवार को बीरभूम के मुरारई, उत्तर 24 परगना के खरदह और कोलकाता के बेलियाघाटा में चुनावी रैलियां कीं। हालांकि, उनके इन आरोपों पर विमानन अधिकारियों की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ईरान तनाव के बीच व्हाइट हाउस का ‘लॉक्ड-इन मोड’ पोस्ट, ट्रंप के संदेश से बढ़ीं अटकलें

0

 

 

वॉशिंगटन। ईरान को लेकर बढ़ते तनाव और बैकचैनल बातचीत की अटकलों के बीच व्हाइट हाउस की एक पोस्ट ने अंतरराष्ट्रीय सियासत में हलचल तेज कर दी है। सोमवार को व्हाइट हाउस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक तस्वीर साझा करते हुए “लॉक्ड-इन मोड: एक्टिवेटेड, इट्स मंडे, नो एक्सक्यूज, जस्ट विन” का संदेश जारी किया, जिसे मौजूदा हालात में एक सामान्य प्रेरक पंक्ति के बजाय कड़े रणनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे संवेदनशील समय में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल यह दर्शाता है कि अमेरिका किसी निर्णायक रणनीति की ओर बढ़ रहा है। ईरान के साथ जारी तनाव और वार्ता की अनिश्चित स्थिति के बीच यह संदेश संकेत देता है कि वॉशिंगटन अब दबाव की नीति को और तेज कर सकता है या किसी बड़े कदम की तैयारी में है।
इस पोस्ट के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। क्या अमेरिका ईरान पर और कड़ा रुख अपनाने जा रहा है? क्या यह बातचीत की मेज पर तेहरान को लाने के लिए आखिरी दबाव की रणनीति है, या फिर किसी संभावित कार्रवाई का संकेत? हालांकि, अभी तक किसी आधिकारिक सैन्य कदम की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन व्हाइट हाउस का यह संदेश मौजूदा परिस्थितियों में बेहद अहम माना जा रहा है।
जानकारों के अनुसार, “लॉक्ड-इन मोड” का अर्थ पूरी तरह तैयार और फोकस्ड स्थिति से है, जबकि “नो एक्सक्यूज, जस्ट विन” यह दर्शाता है कि अमेरिका अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। ऐसे में आने वाले दिनों में अमेरिका-ईरान संबंधों की दिशा पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।