– पीएम मोदी और जापानी प्रधानमंत्री की मुलाकात के बाद 2027 को ‘साझा क्षितिज वर्ष’ घोषित करने पर सहमति
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची की द्विपक्षीय वार्ता के बाद विदेश मंत्रालय ने प्रेस वार्ता में दोनों देशों के बीच हुए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और जापान ने अपने द्विपक्षीय संबंधों के एक महत्वपूर्ण पड़ाव को यादगार बनाने के लिए कई विशेष पहल और कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति जताई है। इसके तहत वर्ष 2027 को ‘भारत-जापान साझा क्षितिज वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान युवाओं के बीच संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और विभिन्न सहयोग कार्यक्रमों पर विशेष जोर रहेगा।
वार्ता के दौरान जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले वर्ष जापान में आयोजित होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
प्रेस वार्ता में जापानी प्रधानमंत्री ने भावनात्मक टिप्पणी करते हुए कहा कि वह पूर्व जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे को अपना बड़ा भाई मानती थीं, जबकि शिंजो आबे प्रधानमंत्री मोदी को अपना भाई मानते थे। इसी भावना के चलते वह भी प्रधानमंत्री मोदी को अपने बड़े भाई की तरह मानती हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस आत्मीय भावना का गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे दिन के कार्यक्रमों में दोनों नेताओं के बीच भाई-बहन जैसा स्नेहपूर्ण संबंध देखने को मिला। प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सनाए तकाइची को अपनी “छोटी बहन” कहकर संबोधित किया, जिसने दोनों देशों के रिश्तों में आत्मीयता की नई मिसाल पेश की।


