लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिव्यांगजन कल्याण को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मानसिक मंदित संवासियों के लिए दी जाने वाली मासिक अनुदान राशि 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दी गई है, जिससे उन्हें बेहतर देखभाल और सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके साथ ही प्रदेश के हर जिले में दिव्यांगजन उपकरण वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सहायक उपकरण समय पर उपलब्ध कराए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने कॉक्लियर इम्प्लांट योजना और विशेष शिक्षा कार्यक्रमों को भी गति देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की सभी दिव्यांगजन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।
सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पुनर्वास और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अधिक सशक्त बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


