लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अंसल सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नया विद्युत नेटवर्क विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रस्तावित परियोजना पर शासन, शक्ति भवन और मध्यांचल विद्युत वितरण निगम स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है।
जानकारी के अनुसार करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बिजली नेटवर्क विकसित किए जाने की योजना है। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे आवासीय और व्यावसायिक विकास को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है।
प्रस्ताव के तहत अंसल सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में संचालित 13 बिल्डरों की विभिन्न परियोजनाओं को बिजली आपूर्ति देने की व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है। इसके लिए विद्युत ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने की जरूरत महसूस की गई है।
योजना में दो नए 33 केवी स्विचिंग सब-स्टेशन स्थापित करने तथा चार नए फीडर बनाने का प्रस्ताव शामिल है। इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की क्षमता बढ़ेगी और ओवरलोडिंग की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि परियोजना पर अंतिम निर्णय लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद ही लिया जाएगा। बोर्ड की स्वीकृति के उपरांत निर्माण और नेटवर्क विस्तार का कार्य शुरू किया जाएगा।
अधिकारियों का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद अंसल सुशांत गोल्फ सिटी और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति अधिक विश्वसनीय, सुरक्षित और सुचारु हो सकेगी, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।


