अमृतपुर, फर्रुखाबाद।
तहसील क्षेत्र के अंतर्गत गांव बलीपट्टी रानीगांव तथा ग्राम आसमपुर (मंझा की मड़ैया) में सोमवार को सांसद मुकेश राजपूत एवं अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने फीता काटकर अन्नपूर्णा भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौजूद रही और जनप्रतिनिधियों का जोरदार स्वागत किया गया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि सरकार गरीबों तक सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से राशन पहुंचाने के उद्देश्य से अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण करा रही है। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि समाज सेवा, सहयोग और संस्कारों का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों के हित में लगातार कार्य कर रही हैं तथा जनकल्याण और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी।

सांसद मुकेश राजपूत ने अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व की समाजवादी पार्टी सरकार में गरीबों को उनके अधिकार से वंचित किया जाता था। पैसे देने के बाद भी लोगों को पूरा राशन नहीं मिल पाता था और खाद्यान्न माफिया गरीबों का सस्ता राशन हड़प लेते थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की सख्ती के चलते खाद्यान्न माफिया, भू माफिया और शराब माफिया प्रदेश से पलायन कर चुके हैं। जो बचे हैं, वे जेल में हैं या प्रदेश छोड़ चुके हैं।
कार्यक्रम में पूर्ति निरीक्षक नीतीश कुमार नायक, प्रधानपति ब्रह्मदत्त शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं ग्राम आसमपुर में प्रधान रामकांत राजपूत, सांसद प्रतिनिधि अनिल राजपूत, प्रधान राजकुमार राजपूत (करनपुरदत्त), कोटेदार रामवीर एवं संतोष कोटेदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


