32 C
Lucknow
Tuesday, May 12, 2026

पूर्व रंजिश में बाइक सवार युवक पर हमला, तमंचे की बट मारकर किया घायल

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के मोहल्ला दलमीर खां में पूर्व रंजिश को लेकर बाइक सवार युवक पर लाठी-डंडों और अवैध असलहों से लैस दबंगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचा लहराकर फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने चार लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला दलमीर खां निवासी गिरीश चंद्र पुत्र रामेश्वर दयाल ने शमशाबाद थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र आर्यन अपने चचेरे भाइयों के साथ बाइक से शमशाबाद बाजार मोबाइल खरीदने जा रहा था। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे मोहल्ले के ही अंकित उर्फ पंचम पुत्र रामभजन, अनमोल पुत्र अनूप कुमार, सुशांत पुत्र अज्ञात तथा मोहित पुत्र जिगराज ने ब्लॉक रोड चौराहे के पास उन्हें रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों तथा तमंचे की बट से हमला बोल दिया। हमले में आर्यन के सिर पर तमंचे की बट लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया है कि शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, लेकिन तब तक आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचा लहराकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
घटना को लेकर पीड़ित पिता ने सभी आरोपियों के खिलाफ शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं थाना पुलिस का कहना है कि मारपीट की सूचना मिली है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article