हरदोई
लोकसभा क्षेत्र के सांसद जयप्रकाश रावत ने सोमवार को हरदोई रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर व्यवस्थागत कमियों, अधूरे निर्माण कार्यों और ट्रेनों के ठहराव को लेकर गहरी असंतुष्टि व्यक्त की। मुरादाबाद मंडल से पहुंचे रेल अधिकारियों के मिनट्स (कार्य विवरण) साथ न लाने पर सांसद ने उन्हें फटकार भी लगाई।
सांसद ने कहा कि लगातार मांग के बावजूद हरदोई में प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित नहीं किया जा रहा है, जबकि शाहजहांपुर और सीतापुर जैसे पड़ोसी जिलों में यह सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रेनों के ठहराव की जल्द समीक्षा की जाए और वंदे भारत एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के स्टॉपेज पर गंभीरता से विचार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए। सांसद ने पुराने और जर्जर टीन शेड के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सैंपलिंग सीलबंद तरीके से कराई जाए ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
इस मौके पर सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रतिनिधि रजनीश त्रिपाठी भी मौजूद रहे। उन्होंने भी निर्माण कार्यों और ट्रेनों के ठहराव को लेकर अधिकारियों से सवाल किए, लेकिन कई मुद्दों पर संतोषजनक जवाब न मिलने से जनप्रतिनिधियों में असंतोष साफ दिखाई दिया।
सांसद ने बताया कि एक वर्ष पहले हुई बैठक में दिए गए निर्देशों का अब तक पालन नहीं हुआ है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि तीन महीने बाद पुनः समीक्षा बैठक की जाएगी। साथ ही हरदोई-सीतापुर-नैमिषारण्य-बालामऊ के बीच एक सर्कुलेशन ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजे जाने की बात भी सामने आई। निरीक्षण के दौरान डीआरएम परितोष गौतम, स्टेशन अधीक्षक नरसी लाल मीना और सीएमआई अंबुज मिश्रा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।


