25 C
Lucknow
Monday, May 4, 2026

प्रेम प्रसंग बना मौत का कारण, युवक की पीट-पीटकर हत्या

Must read

 

फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शादीशुदा युवक की कथित प्रेम प्रसंग के चलते बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक अपनी प्रेमिका के बुलावे पर उसके गांव पहुंचा था, जहां महिला के पति और परिजनों ने उसे पकड़ लिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है।

मृतक की पहचान 42 वर्षीय कमलेश दिवाकर के रूप में हुई है, जो हुसैनगंज थाना क्षेत्र के भिटौरा गांव का निवासी था। वह सटरिंग का काम करता था और अपने परिवार—पत्नी सविता देवी और दो बेटियों—के साथ रहता था। रविवार रात उसे उसकी कथित प्रेमिका तारा देवी ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया था, जिसके बाद वह मलवां क्षेत्र के बधैयापुर गांव पहुंचा।

गांव पहुंचते ही महिला के पति और अन्य परिजनों ने कमलेश को पकड़ लिया और उस पर भैंस चोरी का आरोप लगाते हुए उसकी जमकर पिटाई की। देर रात करीब 2:30 बजे ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी कि एक व्यक्ति चोरी के प्रयास में पकड़ा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान सुबह लगभग साढ़े छह बजे उसकी मौत हो गई।

मृतक के भाई सुमेश ने आरोप लगाया कि यह पूरी घटना पूर्व नियोजित थी और तारा देवी ने धोखे से कमलेश को बुलाया था। उन्होंने महिला, उसके पति मान सिंह और अन्य परिजनों सहित कुल 14 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला के पति समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) से पुष्टि हुई है कि घटना से पहले महिला और मृतक के बीच बातचीत हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article