कायमगंज/फर्रुखाबाद। कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव अताईपुर जदीद निवासी लापता दिव्यांग युवक आसिफ शाह उर्फ अंसार की उपचार के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय से मिली सूचना के बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि आसिफ शाह दोनों पैरों से दिव्यांग था और बैटरी संचालित ट्राई साइकिल से कपड़ों की फेरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक के भाई हासिम ने बताया कि 25 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे आसिफ अपनी ट्राई साइकिल लेकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला और उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद मिल रहा था। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली कायमगंज में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व थाना शमशाबाद क्षेत्र में एक राहगीर ने आसिफ को सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद मृतक की पहचान लापता युवक आसिफ शाह के रूप में हुई। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल एवं हल्का इंचार्ज जयेन्द्र सिंह ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद मां शाहीन बेगम, पिता शन्नु शाह, भाई सहित अन्य परिजन मोर्चरी पहुंचे।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसिफ तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके एक भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में कैसे पहुंचा। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच में जुटी है।
लापता दिव्यांग युवक की इलाज के दौरान मौत, पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शुरू की जांच


