– जनसमस्याएं सुन दिए समाधान के निर्देश
– मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर गिनाईं उपलब्धियां
– सात महिलाओं की गोद भराई और पांच बच्चों का कराया अन्नप्राशन
– बीजेपी नेता जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुआ भव्य स्वागत
– ज्ञानेंद्र सिंह छोटे के आवास पर किया भोजन
प्रशांत कटियार
कमालगंज/फर्रुखाबाद। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह शनिवार को विकास खंड कमालगंज के ग्राम पंचायत वलीपुर पहुंचे, जहां जिलाधिकारी द्वारा गोद लिए गए गांव में आयोजित रात्रि चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। चौपाल में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र राजपूत सहित प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही।
प्रभारी मंत्री के गांव पहुंचने पर भाजपा नेता जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उनका भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में जनसहभागिता और उत्साह देखने को मिला।
मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय के निर्देश पर आयोजित चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की शिकायतों एवं समस्याओं का पंजीकरण किया गया। कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष शिकायतों को समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का निस्तारण धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
कंपोजिट विद्यालय वलीपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सात गर्भवती महिलाओं नन्ही देवी, सुहाग, निर्मला, रिंकी, नन्ही, शिल्पा एवं फूलन देवी की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें फल की डलिया भेंट की। वहीं सूरज, कनिष्क, अन्वी, लक्ष्मी सहित पांच बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, गरीब कल्याण, मुफ्त राशन, स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों से पूछा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित तो नहीं है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभिभावक बच्चों की पढ़ाई और टीकाकरण पर विशेष ध्यान दें, क्योंकि स्वस्थ और शिक्षित बच्चे ही देश का भविष्य हैं।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य गांवों तक शासन-प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करना और उन लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना है जो किसी कारणवश अब तक वंचित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना किसी भी गांव का समग्र विकास संभव नहीं है।
इससे पूर्व प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह शहर के लोहाई रोड स्थित वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रजनीश सरीन के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया।
जनपद प्रवास के दौरान प्रभारी मंत्री विकास नगर बढ़पुर स्थित भाजपा नेता एवं अपने पुराने सहयोगी ज्ञानेंद्र सिंह ‘छोटे’ के आवास भी पहुंचे। यहां उन्होंने आत्मीय मुलाकात की और भोजन ग्रहण किया। राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को लेकर भी चर्चाओं का दौर चलता रहा। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र राजपूत, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


