मैनपुरी। जनपद के भोगांव थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जीटी रोड पर गांव परतापुर के पास तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने बाइक सवार भाई-बहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि साथ बैठा आठ वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, भोगांव थाना क्षेत्र के गांव उमरीहार निवासी 22 वर्षीय मोनू अपनी 35 वर्षीय विवाहित बहन संगीता और उसके आठ वर्षीय पुत्र अर्पित के साथ जनपद कन्नौज के थाना छिबरामऊ क्षेत्र के गांव रामपुर निगोह में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बुधवार दोपहर तीनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान करीब दो बजे जीटी रोड पर परतापुर गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोनू और उसकी बहन संगीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम अर्पित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है और हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक मोनू अपने परिवार में पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। तीन बड़े भाइयों की शादी हो चुकी थी और परिजन अब उसकी शादी की तैयारी में जुटे थे। बताया गया कि उसके लिए अलग मकान का निर्माण भी कराया जा रहा था और जल्द ही उसके रिश्ते की बात चलने वाली थी, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
ग्रामीणों के अनुसार, बहन संगीता अपने मायके आई हुई थी और शादी समारोह के बाद भाई के साथ घर लौट रही थी। एक ही झटके में भाई-बहन की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।


