फर्रुखाबाद। आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर सपा नेताओं ने वीरांगना ऊदा देवी पासी की जयंती के अवसर पर गोष्ठी आयोजित कर उन्हें याद किया
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी विधानसभा सदर पवन कठेरिया प्रधान ने की, गोष्ठी के प्रभारी अमन सूर्यवंशी जिलाध्यक्ष बाबा साहब वाहिनी समाजवादी पार्टी फर्रुखाबाद ने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
इस मौके पर सदर विधानसभा प्रभारी पवन कठेरिया ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी पासी 1857 के प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की एक महान योद्धा और स्वतंत्रता सेनानी थीं। उन्होंने लखनऊ के सिकंदर बाग के ऐतिहासिक युद्ध में अकेले ही एक पेड़ पर चढ़कर 32 से अधिक ब्रिटिश सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया था। वह अवध के नवाब वाजिद अली शाह और बेगम हजरत महल के महिला सैन्य दस्ते (दलित वीरांगनाओं की बटालियन) की कप्तान थीं।
बाबा साहब वाहिनी के जिलाध्यक्ष अमन सूर्यवंशी ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में दलित, पिछड़े, शोषित, वंचित एवं महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा, किंतु उनके अनेक बलिदानों को इतिहास में उचित स्थान नहीं मिल सका। इतिहासकारों ने उनके साथ न्याय नहीं किया, लेकिन फिर भी बहुजन समाज अपने महापुरुषों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को सदैव याद और जीवंत रखता है तथा नई पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित करता रहा है।
इस मौके पर जिला सचिव शिव शंकर शर्मा, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के महानगर अध्यक्ष शिवम पटेल, यूथ ब्रिगेड के जिला महासचिव अर्चित मिश्रा, बाबा साहब वाहिनी के जिला महासचिव अमर सिंह आंबेडकर, मजदूर सभा के राष्ट्रीय सचिव अजय यादव, यश चौहान, बाबा साहब वाहिनी के फर्रुखाबाद विधानसभा अध्यक्ष रितिक यादव तथा गोपाल उपस्थित रहे।
महिलाशक्ति की प्रतीक हैं वीरांगना ऊदा देवी पासी के बलिदान की स्मृतियां


