30 C
Lucknow
Sunday, July 19, 2026

जरूरी काम बताकर घर से ले गया युवक, संदिग्ध हालात में मौत; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Must read

 

1.25 लाख रुपये गायब होने का भी दावा, पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही हंगामा; दो लोगों से पूछताछ

फर्रुखाबाद। कादरीगेट थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने मोहल्ले के ही एक युवक पर जरूरी काम का बहाना बनाकर घर से ले जाने, मारपीट कर हत्या करने और उसके पास मौजूद करीब 1.25 लाख रुपये गायब करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कादरीगेट थाना क्षेत्र के नर्कशा अंबेडकर नगर निवासी रोहित को 6 जुलाई की सुबह करीब 10:30 बजे मोहल्ले का ही रहने वाला पवन पुत्र तोताराम जरूरी काम का हवाला देकर अपने साथ ले गया। परिजनों का कहना है कि उस समय रोहित के पास करीब 1.25 लाख रुपये नकद भी थे।
मृतक की पत्नी रागिनी के अनुसार, अगले दिन सूचना मिली कि रोहित हरदोई के हरपालपुर क्षेत्र में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला है। पहले उसका स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रागिनी ने बताया कि रोहित के घर से जाने के बाद ही उन्हें अनहोनी की आशंका हो गई थी, जिसके चलते उन्होंने पवन के खिलाफ पुलिस को तहरीर भी दी थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हरपालपुर क्षेत्र से रोहित की बाइक बरामद होने की बात भी सामने आई है।
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि रोहित के साथ मारपीट कर उसकी हत्या की गई और उसके पास मौजूद 1.25 लाख रुपये भी गायब कर दिए गए। परिजनों ने इसे सुनियोजित वारदात बताते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
हंगामे की सूचना पर कादरीगेट चौकी प्रभारी के.के. कश्यप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपी पवन के अलावा एक अन्य दिव्यांग व्यक्ति भी शामिल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि रोहित की मौत दुर्घटना का परिणाम थी या उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ सकेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article