मेरठ। एक निजी अस्पताल की नर्स की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में आत्महत्या प्रतीत हो रहे इस मामले को पुलिस ने सुनियोजित हत्या का मामला बताते हुए आरोपी वॉर्ड बॉय और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, लोहियानगर स्थित एमसीसी अस्पताल में कार्यरत नर्स नेहा की मौत के पीछे अस्पताल में ही काम करने वाले शादीशुदा वॉर्ड बॉय सुरेश का हाथ सामने आया है। जांच में पता चला कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। पति की मृत्यु के बाद नेहा अस्पताल में नौकरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही थी।
पुलिस का कहना है कि जब नेहा ने सुरेश पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया, तो उसने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। घटना वाले दिन नेहा की तबीयत कुछ खराब थी। इसी का फायदा उठाकर सुरेश ने उसे ड्रिप लगाने की बात कही और कथित रूप से जहरीला इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने अपने साथी फरहान के साथ मिलकर मामले को आत्महत्या साबित करने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, एक फर्जी सुसाइड नोट तैयार किया गया और मौके पर सल्फास की गोलियां रख दी गईं, ताकि जांच आत्महत्या की दिशा में चली जाए।
शुरुआत में पुलिस भी इसे आत्महत्या का मामला मान रही थी, लेकिन घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों में मिली विसंगतियों ने जांच की दिशा बदल दी। कड़ी पूछताछ के दौरान सुरेश ने कथित तौर पर हत्या की साजिश स्वीकार कर ली, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक और फोरेंसिक जांच के आधार पर आरोपपत्र तैयार किया जाएगा।


