उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में हुआ, जहां हरियाणा से बिहार जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पहले आगरा की ओर जा रही एक कार से टकराई और फिर खाई में जा गिरी।
हादसे में कार चालक समेत दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। बस और कार में सवार कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया तथा घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस चालक को झपकी आना या नींद लगना मानी जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कराया गया।
पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के संबंध में विधिक कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।


