फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के खारबंदी मोहल्ले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में महिला की छत से गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला रात में लघुशंका के लिए उठी थीं, तभी संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे सड़क पर जा गिरीं। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान निर्मला देवी निवासी ग्राम सिसहाट, थाना जसवंतनगर, जनपद इटावा के रूप में हुई है। वह वर्तमान में अपने पति के साथ मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के खारबंदी मोहल्ले में किराए के मकान में रहती थीं। उनके पति दिलीप कुमार यादव निजी नौकरी के सिलसिले में अक्सर शहर से बाहर रहते हैं, जबकि पुत्र मुकुल यादव कानपुर में कार्यरत है।
बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब तीन बजे निर्मला देवी लघुशंका के लिए छत पर गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे सड़क पर गिर पड़ीं। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुत्र मुकुल यादव भी कानपुर से फर्रुखाबाद पहुंच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना पर मऊदरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुई इस दुखद घटना से खारबंदी मोहल्ले के लोग भी स्तब्ध हैं। पड़ोसियों के अनुसार निर्मला देवी शांत स्वभाव की महिला थीं और उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।


