औरैया
जनपद के अयाना थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया। दोनों भाई अपने दोस्त की शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार भौतापुर गांव निवासी 23 वर्षीय अभिषेक और 15 वर्षीय विकास पुत्र सतीश बाबू शुक्रवार रात भीकेपुर गांव में एक मित्र की शादी में शामिल होने गए थे। शनिवार सुबह सेंगनपुर रोड किनारे दोनों के शव पड़े मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाई सड़क किनारे जा गिरे। हादसे में छोटा भाई विकास सड़क किनारे बने बंबा में जा गिरा, जबकि बड़ा भाई अभिषेक गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शवों को देखकर बिलख पड़े। गांव में शोक का माहौल है। थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


