फर्रुखाबाद
जिले के कायमगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक और रहस्यमय घटना सामने आई है, जहां ग्राम पंचायत ज्योना के नगला फार्म में मंगलवार सुबह एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सेवाराम (25) पुत्र उदयवीर के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। ग्रामीणों के अनुसार सुबह करीब 6 बजे जब लोग खेतों की ओर निकले तो उन्होंने गांव निवासी कुलदीप के खेत में पेड़ से लटका शव देखा, जिसके बाद तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कायमगंज थाना प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला पुलिस टीम और फोरेंसिक दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मिले हालात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि मृतक के शरीर पर शर्ट नहीं थी, जबकि उसकी जेब से मोबाइल फोन और ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुआ है।
परिजनों के अनुसार सेवाराम सोमवार शाम मजदूरी कर घर लौटा था और उसने खाना बनाने के लिए कहा था। उस समय घर में उसकी भाभी किसी कार्यक्रम में गई हुई थी, जिसके चलते खाना बनने में देरी हो रही थी। इसी दौरान वह घर से बाहर चला गया और फिर देर रात तक वापस नहीं लौटा। छोटे भाई मेवाराम ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह उसकी मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
मृतक अपने परिवार का बड़ा सदस्य था और माता-पिता के निधन के बाद वह ही घर की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसके परिवार में छोटा भाई और एक विवाहित बहन है। परिजनों ने किसी से भी रंजिश या विवाद होने से इनकार किया है, जिससे मामला और भी पेचीदा हो गया है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।


