राजेपुर में गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद हुआ हादसा, विवाह की खुशियां पलभर में बदलीं चिंता में; पुलिस ने शुरू की जांच
अमृतपुर/फर्रुखाबाद
राजेपुर कस्बे में मंगलवार को निकलने वाली बारात से ठीक एक दिन पहले एक परिवार पर बड़ा संकट टूट पड़ा। विवाह की तैयारियों के बीच सोमवार दोपहर गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण घर में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में दूल्हे की बहन झुलस गईं, जबकि घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, कस्बा राजेपुर तिराहा निवासी घनश्याम पुत्र सेवाराम की बारात मंगलवार को जनपद लखीमपुर खीरी जानी है। सोमवार दोपहर करीब दो बजे घर में विवाह की पारंपरिक तेल रस्म चल रही थी। इसी दौरान रसोई में गैस सिलेंडर पर भोजन बनाया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक सिलेंडर से गैस का रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और रिश्तेदार किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन इस दौरान दूल्हे की बहन अनीता आग की चपेट में आकर झुलस गईं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।आग की लपटों ने कुछ ही मिनटों में घर में रखा घरेलू सामान, कपड़े, शादी का सामान और अन्य आवश्यक वस्तुओं को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए पानी और अन्य संसाधनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग आसपास के मकानों तक फैलने से बच गई।पीड़ित घनश्याम ने बताया कि आग में करीब पांच मोबाइल फोन, कपड़े, घरेलू उपयोग का सामान सहित लगभग एक लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। विवाह से ठीक पहले हुए इस नुकसान से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद राजेपुर थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण गैस रिसाव प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
बारात से ठीक एक दिन पहले हुए इस हादसे ने विवाह की खुशियों को चिंता और मायूसी में बदल दिया। क्षेत्र के लोग पीड़ित परिवार की हर संभव सहायता के लिए आगे आ रहे हैं।


