कमालगंज (फर्रुखाबाद)। जनपद में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार को दिनभर आसमान में बादलों का डेरा रहा और क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली, जबकि किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई। मानसूनी बारिश शुरू होने के साथ ही धान की रोपाई का कार्य भी तेज हो गया है।
सुबह से ही घने बादलों की आवाजाही बनी रही। कई स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। हालांकि जिन क्षेत्रों में कम बारिश हुई, वहां उमस का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ, लेकिन तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों ने राहत महसूस की।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मानसून के और सक्रिय होने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। आने वाले दिनों में तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार से 7 जुलाई तक जिले में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान अच्छी बारिश होने के संकेत दिए हैं।
बारिश से किसानों को सबसे अधिक राहत मिली है। खेतों में पर्याप्त नमी आने से धान की रोपाई का कार्य तेजी से शुरू हो गया है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आगामी दिनों में भी अच्छी वर्षा होती रही तो खरीफ फसलों के लिए यह मौसम काफी लाभदायक साबित होगा। वहीं प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और तेज हवा व आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।


