36.4 C
Lucknow
Sunday, June 14, 2026

दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी सफलता, गैंगवार की बड़ी साजिश नाकाम, टिल्लू गैंग के दो शूटर गिरफ्तार

Must read

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की क्राइम ब्रांच ने बाहरी दिल्ली में संभावित गैंगवार (gang war) की एक बड़ी साजिश को विफल करते हुए कुख्यात टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो शूटरों को गिरफ्तार (arrested) किया है। समय रहते गिरफ्तारी होने से संभावित गैंगवार टल गई। आरोपियों की पहचान विशाल पंडित और दीपांशु के रूप में हुई है। दोनों होलांबी खुर्द इलाके के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी तिहाड़ जेल में टिल्लू ताजपुरिया की हत्या का बदला लेने के लिए गोगी गिरोह के सदस्यों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। वे विरोधी गिरोह के ठिकानों की रेकी कर रहे थे और उनके बारे में जानकारी जुटा रहे थे। समय रहते गिरफ्तारी होने से संभावित गैंगवार टल गई।

विशेष आयुक्त (क्राइम) हर गोविंद सिंह धालीवाल ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो अत्याधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, छह कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक कार बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें गिरोह के एक फरार हैंडलर ने हथियार उपलब्ध कराए थे। हथियारों की टेस्टिंग गांव के खेतों में हवाई फायरिंग कर की गई थी।

डीसीपी हर्ष इंदौरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों को गुप्त सूचना के आधार पर दबोचा। जांच में सामने आया कि विशाल पंडित कई वर्षों से टिल्लू गिरोह से जुड़ा है। उसका भाई युद्धवीर उर्फ कालू पंडित भी कुख्यात अपराधी है और फिलहाल जेल में बंद है। विशाल पर हत्या के प्रयास, रंगदारी और पुलिस पर फायरिंग समेत छह गंभीर मामले दर्ज हैं।

बी.कॉम ग्रेजुएट दीपांशु वर्ष 2020 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। नवंबर 2024 में जेल से छूटने के बाद वह फिर गिरोह के संपर्क में आया। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई और साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article