20 रुपये के नकली सिक्के दुकानों पर खपाने का था नेटवर्क, 4 हजार के सिक्के चलाने पर मिलता था 400 रुपये कमीशन
सहारनपुर। नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने नकली सिक्कों के कथित नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों कुलदीप और विपिन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 20 हजार रुपये कीमत के 20 रुपये के नकली सिक्के बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि नकली सिक्कों को दुकानों और बाजारों में खपाने के लिए एक पूरा नेटवर्क काम कर रहा था। आरोपियों को करीब चार हजार रुपये के नकली सिक्के चलाने के बदले 400 रुपये कमीशन दिए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस की पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में मास्टरमाइंड की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
नगर कोतवाली और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई के बाद नकली सिक्कों के इस नेटवर्क को लेकर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस बरामद सिक्कों की जांच कराने के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितनी मात्रा में नकली सिक्के बाजार में खपाए जा चुके हैं और इस गिरोह से कितने लोग जुड़े हैं।


