नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (IGI Airport) पर कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU-C) ने ड्रग तस्करी (Drug trafficking) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 788.5 ग्राम संदिग्ध कोकीन बरामद की गई है। यह कार्रवाई 8 और 9 अगस्त की दरम्यानी रात नाइट ड्यूटी के दौरान की गई।
कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, AIU-C टीम को पहले से सूचना मिली थी कि अदीस अबाबा से दिल्ली आने वाली फ्लाइट के जरिए एक यात्री नशीले पदार्थ की तस्करी कर सकता है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने IGI एयरपोर्ट पर संदिग्ध यात्री की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। आरोपी इथियोपियन एयरलाइंस की फ्लाइट ET 688 से दिल्ली पहुंचा। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वह ग्रीन चैनल से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। अधिकारियों ने निगरानी के आधार पर उसे ग्रीन चैनल पार करते ही रोक लिया।
यात्री के सामान को पहले एक्स-रे स्कैनिंग के लिए भेजा गया। स्कैनिंग के दौरान कुछ संदिग्ध आकृतियां दिखाई दीं, जिसके बाद अधिकारियों ने सामान की विस्तृत तलाशी ली। तलाशी के दौरान कथित तौर पर कोकीन को रोजमर्रा की इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं के अंदर बेहद शातिर तरीके से छिपाया गया था। बरामद नशीला पदार्थ साबुन, परफ्यूम कैन और ट्रॉली के हैंडल की खोखली रॉड में छिपाया गया था।
कस्टम विभाग ने बरामद करीब 788.5 ग्राम कोकीन को NDPS Act के तहत जब्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस कथित ड्रग तस्करी के पीछे कौन लोग या नेटवर्क शामिल हैं और नशीले पदार्थ की अंतिम डिलीवरी कहां होनी थी। कस्टम विभाग की इस कार्रवाई को दिल्ली एयरपोर्ट पर ड्रग तस्करी के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।


