पौड़ी गढ़वाल: देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग (Devprayag-Pauri road) में बड़ा सड़क हादसा (Road accident) हो गया। यहां सबदरखाल में शुक्रवार को सुबह-सुबह एक कार खाई में जा गिरी। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। ये हादसा पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर हुआ है।
जानकारी के मुताबिक कार देवप्रयाग से पौड़ी की ओर आ रही थी, तभी अचानक सबदरखाल के पास कार खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार को खाई से निकलवाकर शवों को कार से बाहर निकाला।
दुर्घटना की सूचना एसडीआरएफ को भी दी गई. एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और खाई में उतरकर कार सवार 6 लोगों को ऊपर सड़क पर लेकर आए। हालांकि तब तक पांच लोगों की जान जा चुकी थी और एक व्यक्ति घायल था। फिलहाल पुलिस हादसे में मारे गए लोगों की शिनाख्त करने में जुटी हुई है।
पुलिस ने घायल को बागी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालात को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल को हायर सेंटर श्रीनगर भेजा गया है। पुलिस और एसडीआरएफ आसपास के इलाकों में खोज कर रही है कि कहीं कोई और व्यक्ति तो कार में सवार नहीं था। कार सवार सभी लोग हरिद्वार के बताए जा रहे हैं. जो किसी काम से पौड़ी आ रहे थे। फिलहाल दुर्घटना कैसे हुई इसका पता नहीं चल पाया है।


