लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह बड़ा विमान हादसा टल गया। दुबई से लखनऊ आ रही फ्लाइट FD-443 लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट (पक्षी से टकराने) का शिकार हो गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के समन्वय से विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा ली गई।
जानकारी के अनुसार, विमान जब अमौसी एयरपोर्ट के पास लैंडिंग की प्रक्रिया में था, तभी एक पक्षी विमान से टकरा गया। घटना के तुरंत बाद पायलट ने एटीसी को बर्ड हिट की सूचना दी और एहतियात के तौर पर आपात स्थिति घोषित करते हुए सुरक्षित लैंडिंग की अनुमति मांगी।
सुबह 7:13 बजे विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया गया। विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं। घटना के बाद विमान को रनवे से हटाकर तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया, जहां इंजीनियरिंग टीम इंजन और अन्य हिस्सों का विस्तृत निरीक्षण कर रही है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही विमान को अगली उड़ान के लिए अनुमति दी जाएगी। इस घटना से कुछ समय के लिए एयरपोर्ट संचालन प्रभावित हुआ, लेकिन बाद में उड़ानों का संचालन सामान्य कर दिया गया।
बर्ड हिट विमानन क्षेत्र की एक गंभीर चुनौती मानी जाती है, विशेषकर टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान। ऐसे मामलों में विमान और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित आपात प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है।


