सीट खाली कराने पर भड़की अनधिकृत सवारियाँ, टीटीई की शर्ट फाड़ी, चाय फेंकी, चेन टूटी
लखनऊ:
चारबाग रेलवे स्टेशन पर ‘दून एक्सप्रेस’ में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब टीटीई दिवाकर मिश्र ने ट्रेन में अनधिकृत रूप से बैठी महिलाओं से सीट खाली करने को कहा।
सूत्रों के अनुसार, टीटीई ने ड्यूटी के दौरान पाया कि कुछ महिलाएं बिना टिकट और बिना रिजर्वेशन के सीटों पर काबिज थीं। जब उन्होंने सीट खाली करने की बात कही, तो महिलाओं ने पहले गालियां दीं और फिर हमला कर दिया।
गुस्से में एक महिला ने टीटीई के चेहरे पर गर्म चाय फेंक दी जबकि दूसरी ने उनकी शर्ट फाड़ दी। इस दौरान हुई झड़प में टीटीई की सोने की चेन भी टूट गई।
घटना हावड़ा से हरिद्वार जा रही ट्रेन में हुई और पूरी वारदात यात्रियों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली।
टीटीई ने जीआरपी चारबाग थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रेलवे प्रशासन ने आरोपी महिलाओं की पहचान शुरू कर दी है और फुटेज की जांच चल रही है।
रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों को उदाहरणात्मक सजा दी जाएगी।






