30 C
Lucknow
Friday, May 8, 2026

महिला अपराधियों पर सबसे सख्त यूपी!

Must read

– एनसीआरवी रिपोर्ट में 76.6% कन्विक्शन रेट के साथ देश में नंबर-1 बना उत्तर प्रदेश
लखनऊ।महिला सुरक्षा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरवी ) की 2024 रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश ने महिला अपराध मामलों में 76.6 प्रतिशत कन्विक्शन रेट दर्ज कर देशभर में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है। यह आंकड़ा प्रदेश की कानून व्यवस्था और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई मॉडल को मजबूत संकेत माना जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार महिला अपराध मामलों में कई बड़े राज्यों की स्थिति उत्तर प्रदेश के मुकाबले बेहद कमजोर रही। महाराष्ट्र में कन्विक्शन रेट केवल 8.7%, कर्नाटक में 4.8%, तेलंगाना में 14.8%, केरल में 17%, पंजाब में 19% और तमिलनाडु में 23.4% कन्विक्शन रेट दर्ज किया गया। वहीं रिपोर्ट में पश्चिम बंगाल की स्थिति सबसे खराब बताई गई है।
आंकड़ों के मुताबिक देशभर की अदालतों में महिला अपराध से जुड़े कुल 3,52,664 मामले दर्ज हैं। इनमें से 27,639 मामलों की सुनवाई पूरी हुई, जबकि 21,169 मामलों में अदालतों ने दोषियों को सजा सुनाई। विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में सजा होना न्यायिक प्रक्रिया और पुलिस विवेचना की मजबूती को दर्शाता है।
योगी आदित्यनाथ लगातार महिला सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते रहे हैं। प्रदेश में एंटी रोमियो स्क्वॉड, फास्ट ट्रैक कोर्ट, महिला हेल्पलाइन, मिशन शक्ति और संवेदनशील मामलों में त्वरित चार्जशीट जैसी व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया गया है। सरकार का दावा है कि अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति का असर अब अदालतों में भी दिखाई देने लगा है।
हालांकि कानूनी विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि केवल कन्विक्शन रेट ही पर्याप्त पैमाना नहीं है। महिला अपराधों की रोकथाम, पीड़िताओं की सुरक्षा, तेज जांच और सामाजिक जागरूकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद एनसीआरवी के ताजा आंकड़े उत्तर प्रदेश सरकार के लिए बड़ी राजनीतिक और प्रशासनिक उपलब्धि माने जा रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article