फर्रुखाबाद। शहर के व्यापारी मधुर गुप्ता ने पुलिस की चालान कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही चैट और तस्वीरों में मधुर गुप्ता ने दावा किया है कि उनकी बाइक उनकी खुद की दुकान के बाहर खड़ी थी, इसके बावजूद पुलिस ने 16 हजार रुपये का चालान कर दिया।
मधुर गुप्ता के अनुसार बाइक में केवल नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जबकि साइलेंसर पूरी तरह कंपनी का ओरिजिनल था। उन्होंने चैट में लिखा, “भैया केवल बाइक में नंबर प्लेट नहीं थी और साइलेंसर जेनुइन लगा था। मेरी खुद की शॉप पर बाइक खड़ी थी। 16000 का चालान कर दिया।”
वायरल तस्वीरों में एक बुलेट बाइक के पास पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं। मधुर गुप्ता का आरोप है कि पुलिस ने अनावश्यक रूप से भारी चालान किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि कार्रवाई के दौरान मौजूद कुछ पुलिसकर्मी खुद बिना हेलमेट नजर आए।
मामले को लेकर स्थानीय व्यापारियों और युवाओं में चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि केवल नंबर प्लेट का मामला था तो नियमों के तहत सीमित कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन 16 हजार रुपये का चालान कई सवाल खड़े करता है।
हालांकि अभी तक पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि चालान किन धाराओं में किया गया और वाहन के खिलाफ अन्य कौन-कौन सी आपत्तियां दर्ज की गईं।


