लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ (Lucknow) के मड़ियांव इलाके के भिटौली तिराहे के पास यादव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट (Yadav Dhaba And Family Restaurant) के मालिक विजय यादव को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया है। मड़ियांव पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह वारदात एक लड़के की पिटाई का वीडियो बनाने के विरोध में हुई थी।
जानकारी के अनुसार, सैरपुर इलाके के तरहिया निवासी विजय यादव (28) को बीते रविवार को गोली मार दी गई थी। भिटौली तिराहे के पास यादव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट के मालिक विजय शाम को ढाबे के पास मौजूद थे। तभी बाइक सवार 2 युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। मृतक के भाई आयुष यादव ने मड़ियांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई विजय यादव और दोस्त विवेक पांडे एक लड़के की पिटाई का वीडियो बना रहे थे।
इसी बात को लेकर आरोपियों ने उनसे गाली-गलौज और हाथापाई की। उन्होंने जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए। शिकायत के अनुसार, घटना के लगभग 20 मिनट बाद दो लड़के बाइक से वापस आए। उन्होंने विजय यादव पर गोली चला दी। गोली विजय के सिर में लगी, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
क्राइम ब्रांच, डीसीपी नॉर्थ की क्राइम टीम और मड़ियांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विजय की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ दी थी। मड़ियांव पुलिस ने आज सोमवार को शाम 6:10 बजे मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए घैला पुल के नीचे नदी किनारे से चारों आरोपियों को दबोच लिया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निखिल पांडे (कल्याणपुर, गुडंबा, लखनऊ, मूल निवासी लखीमपुर), अतुल सिंह (जगरानी अस्पताल के पीछे, गुडंबा, मूल निवासी सीतापुर), नवीन पांडे (कल्याणपुर, गुडंबा, लखनऊ, मूल निवासी लखीमपुर) और ऋषभ कुमार शुक्ला (शमशेरबाग, सीतापुर, मूल निवासी सीतापुर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए दो देशी तमंचे (315 बोर), एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा, बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस और यूपी 34 एन 3310 नंबर की हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की गई हैं।


