मिर्जापुर (शाहजहांपुर) कस्बे के बाबा विश्वनाथ इंटर कालेज में आयोजित भगवान परशुराम के जन्मोत्सव कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार शैलेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि भगवान परशुराम को एक जाति और धर्म में समेट देना वास्तव में भगवान परशुराम का सम्मान नहीं अपमान है। वे समस्त सृष्टि के पालनहार और रक्षक थे।
पाण्डेय ने कहा कि हमारे धर्म शास्त्रों में कहा गया है कि भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम सृष्टि के पालनहार थे। भगवान विष्णु पृथ्वी पर दैत्य दानवों के अत्याचार बढ़ जाने पर कभी परशुराम के रूप में तो त्रेता में भगवान श्रीराम और द्वापर में श्रीकृष्ण के रूप में पृथ्वी पर जन्म लिया था। इसलिए भगवान विष्णु के अवतार भगवान परशुराम समस्त सृष्टि के रक्षक थे।
उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने समाज में एक मिथक ऐसा फैलाया कि भगवान परशुराम ने 21 बार क्षत्रियों का नाश किया। ऐसा नहीं है,भगवान परशुराम ने क्षत्रियों का नहीं,बल्कि आतताइयों का नाश किया था। वे समस्त सृष्टि के रक्षक और पालनहार थे। ऐसे महापुरुष समय समय पर दैत्य दानवों का नाश करने के लिए पृथ्वी पर जन्म लेते रहे हैं और जन्म लेते रहेंगे।
कार्यक्रम में जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से टिकट की दावेदार ठाकुर अपूर्वा सिंह,हाकिम सिंह,पवन गुप्ता,बृजनंदन तिवारी,शिवप्रसाद पाण्डेय,एडवोकेट भगवती सहाय पाण्डेय,पत्रकार शिवशंकर दीक्षित,त्रिवेणी सहाय पाण्डेय,मनोज पांडेय,कालेज प्रबंधक विनय कुमार पाण्डेय आदि बड़ी संख्या में सर्वसमाज के पथ प्रदर्शक उपस्थित रहे।


